Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhand

श्रीनगर गढ़वाल: कैंसर मरीजों के लिए आज बेस अस्पताल में पैलिएटिव केयर ओपीडी शुरू

श्रीनगर गढ़वाल: गंभीर रोगों से जूझ रहे कैंसर मरीजों के लिए राहत की खबर है। सोमवार, 2 जून को श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल में पैलिएटिव केयर ओपीडी संचालित की गई, जिसमें कैंसर विशेषज्ञ डॉ. अजीत तिवारी ने मरीजों को परामर्श दिया।

ओपीडी के नोडल अधिकारी डॉ. मोहित ने बताया कि मरीज कक्ष संख्या 101 में आकर जांच, परामर्श और इलाज की सुविधा ले सकते हैं। यह ओपीडी इमरजेंसी वार्ड के पास स्थित है ताकि गंभीर मरीजों को त्वरित उपचार मिल सके।

पैलिएटिव केयर का उद्देश्य कैंसर मरीजों के जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाना है। इसमें दर्द प्रबंधन, दवा संबंधी जानकारी और मानसिक सहयोग जैसी सेवाएं दी जाती हैं, विशेषकर उन मरीजों को जो कीमोथेरेपी या रेडिएशन के दुष्प्रभाव झेल रहे हैं।

बेस अस्पताल जल्द ही इस सेवा को नियमित करने की योजना बना रहा है। प्रशासन ने मरीजों और परिजनों से अपील की है कि वे समय पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं और जांच रिपोर्ट साथ लाएं।

Leave a Comment