पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज, जांच शुरू.
देहरादून: राजपुर रोड स्थित बैंक कॉलोनी निवासी शूरवीर सिंह रावत ने दीपक शर्मा नामक व्यक्ति पर प्लॉट बेचने के नाम पर ₹10 लाख की ठगी और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस महानिरीक्षक को शिकायत सौंपी है। पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी और धमकी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, शूरवीर सिंह देहरादून में जमीन खरीदना चाहते थे, तभी उनकी मुलाकात दीपक शर्मा से हुई, जिसने खुद को उत्तराखंड शासन में प्रथम श्रेणी अधिकारी और उत्तराखंड टेक्निकल यूनिवर्सिटी का कर्मचारी बताया। दीपक ने शूरवीर को मौजा चालंग, परगना परवादून (जिला देहरादून) स्थित 836.12 वर्गमीटर का प्लॉट दिखाया और खुद को उसका मालिक बताया।
विश्वास में आकर शूरवीर सिंह ने 15 जून 2023 को एक अनुबंध पत्र पर हस्ताक्षर करते हुए ₹10 लाख की अग्रिम राशि RTGS के माध्यम से अदा कर दी। अनुबंध के अनुसार, चार महीने के भीतर विक्रय पत्र संपादित किया जाना था। परंतु समय बीतने पर दीपक शर्मा ने छह माह की अतिरिक्त मोहलत मांगी, और 6 नवंबर 2023 को दूसरा अनुबंध किया गया।
हालांकि, अब तक न तो विक्रय पत्र निष्पादित किया गया और न ही धनराशि वापस की गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि दीपक शर्मा न तो उक्त भूमि का मालिक है और न ही उसके पास विक्रय के लिए वैध अधिकार हैं। जब इस संबंध में बात की गई तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर वास्तविकता की जांच शुरू कर दी है।
