चमोली जनपद के गैरसैंण नगर पंचायत क्षेत्र में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। व्यास गंगा के समीप स्थित एक वाहन वर्कशॉप में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे वर्कशॉप में खड़ी तीन कारें – स्विफ्ट डिजायर, ऑल्टो और सैंट्रो- पूरी तरह जलकर राख हो गईं। हादसे में वर्कशॉप का भी भारी नुकसान हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत 30 से 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह घटना रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने सबसे पहले आग की लपटें देखीं और तुरंत इसकी सूचना वर्कशॉप मालिक मनोज नेगी के पिता त्रिलोक सिंह नेगी को दी। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक सभी वाहन और वर्कशॉप का अधिकांश हिस्सा जल चुका था।
नगर पंचायत अध्यक्ष मोहन भंडारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लिया और उपजिलाधिकारी से बात कर पीड़ित वर्कशॉप स्वामी को मुआवज़ा दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। इस घटना की प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। वर्कशॉप मालिक मनोज नेगी ने गैरसैंण थाने में अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।
