Udayprabhat
uttrakhandweather

Uttarakhand Weather: पहाड़ों में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, मैदानी इलाकों में अभी भी जारी है गर्मी का कहर

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में आज सुबह से झमाझम बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया है। चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी समेत कई ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को पिछले पांच दिनों से जारी उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।

हालांकि, प्रदेश में मानसून के आगमन में अभी समय है। पहले अनुमान था कि मानसून 11 जून तक उत्तराखंड में प्रवेश कर जाएगा, लेकिन अब मौसम विभाग का कहना है कि मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने में कुछ दिन और लग सकते हैं। मौसम विज्ञानी रोहित थपलियाल के अनुसार, 16 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि मानसून के 20 जून के बाद सक्रिय होने की उम्मीद है।

बारिश के कारण चमोली जिले के कुजौं मेकोट क्षेत्र में जनजीवन प्रभावित हुआ है। भारी बारिश से कौंज-पोथनी गांव को जोड़ने वाली सड़क बाधित हो गई है। वहीं, नदी घाटियों में कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। बदरीनाथ धाम, हेमकुंड साहिब और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में भी मौसम खराब बना हुआ है।

मैदानी क्षेत्रों में अभी भी तेज गर्मी और लू जैसे हालात बने हुए हैं, जिससे लोगों को राहत के लिए मानसून का बेसब्री से इंतज़ार है। फिलहाल, पहाड़ों में रुक-रुक कर हो रही बारिश ने वहां के लोगों को कुछ राहत जरूर दी है।

Leave a Comment