हल्द्वानी: हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में एक युवक पर आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। यह घिनौना कृत्य बच्ची के ट्यूशन टीचर के बेटे द्वारा किया गया। पूरे मामले में पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, बच्ची गौलागेट टनकपुर रोड पर एक शिक्षक के घर ट्यूशन पढ़ने जाती थी। आरोप है कि जब बच्ची शनिवार को ट्यूशन पहुंची, तो वहां शिक्षक उपस्थित नहीं थे। इस मौके का फायदा उठाकर आरोपी ने बच्ची को डरा-धमकाकर घर के बेसमेंट में ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची बेहद डरी-सहमी हुई थी और रोते हुए घर पहुंची, जहां उसने अपनी मां को अपनी आपबीती सुनाई।
परिजनों ने तुरंत पुलिस में जाकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। घटना के तुरंत बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने कड़ी मेहनत के बाद उसे जैम फैक्ट्री के पास से गिरफ्तार कर लिया। बनभूलपुरा उप-निरीक्षक सुशील जोशी ने बताया कि पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया है और आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है।
इस घटना ने क्षेत्र में बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। बनभूलपुरा थाना प्रभारी नीरज भाकुनी ने आश्वासन दिया है कि आरोपी के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
