Udayprabhat
accidentuttrakhand

उत्तराखंड में सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की चपेट में आने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत

विकासनगर: प्रदेश में लगातार हो रहे सड़क हादसों की श्रृंखला में एक और दुखद घटना सामने आई है। विकासनगर-सेलाकुई थाना क्षेत्र के लेबर चौक के पास बीती रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार तीन युवकों की मौत हो गई।

सेलाकुई थाने के अनुसार, रात करीब 11:10 बजे कंट्रोल रूम को दुर्घटना की सूचना मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां पाया गया कि एक स्कूटी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। स्कूटी सूरज चला रहा था, जबकि पीछे मुकेश और अनिल सवार थे।

टक्कर इतनी भीषण थी कि 20 वर्षीय सूरज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मुकेश (26) और अनिल (22) को सीएचसी प्रेमनगर ले जाया गया। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। सेलाकुई थाना के वरिष्ठ उप निरीक्षक जितेन्द्र कुमार ने बताया कि तीनों युवक सेलाकुई स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। वे जमालपुर में अपने दोस्त सुरजीत के जन्मदिन की पार्टी से लौटते समय शराब के ठेके की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है। हादसे के बाद से तीनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Comment