Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhand

उत्तराखंड कैबिनेट बैठक में चार प्रस्तावों को मिली मंजूरी, जानिए!

देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार को आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में कुल चार महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंसीधर तिवारी ने प्रेस ब्रीफिंग कर कैबिनेट निर्णयों की जानकारी साझा की।

बैठक में प्रदेश के प्रमुख मंदिरों में तीर्थयात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को लेकर विशेष चर्चा हुई। सरकार का उद्देश्य चारधाम समेत अन्य प्राचीन मंदिरों को भी श्रद्धालुओं की पहुंच में लाना है। पर्यटन विभाग के अनुसार, इस वर्ष कार्तिक स्वामी मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में चार गुना बढ़ी है। जागेश्वर मंदिर में भी अब तक छह लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या चार लाख थी। उत्तरकाशी जिले के साल्ड गांव स्थित जगन्नाथ मंदिर में भी तीर्थयात्रियों की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया है।

कैबिनेट बैठक में 4 प्रस्तावों पर लगी मुहर-

कोऑपरेटिव ऑडिट: उप निबंधक ऑडिट का एक पद सृजित करने को मंजूरी दी गई, जो अगले पांच वर्षों तक भरा जाएगा। यह पद कोऑपरेटिव सोसायटी के ऑडिट कार्यों के लिए निर्धारित होगा।

बदरीनाथ में आर्टवर्क: बदरीनाथ धाम के आईएसबीटी की दीवारों पर धार्मिक और सांस्कृतिक आर्टवर्क कराए जाने को भी मंत्रिमंडल की मंजूरी मिल गई है।

‘गंगा गाय योजना’ में बदलाव: पशुपालन विभाग की दो सब्सिडी योजनाओं – अनुसूचित जाति वर्ग के लिए चल रही गाय सब्सिडी योजना और सामान्य वर्ग के लिए ‘गंगा गाय योजना’ को मिलाकर एकीकृत योजना बनाने का निर्णय लिया गया है।

पशुधन प्रसार अधिकारियों की ट्रेनिंग अवधि में कटौती: विभाग में खाली पड़े 429 पदों को भरने की प्रक्रिया में तेजी लाने हेतु ट्रेनिंग अवधि को दो साल से घटाकर एक साल कर दिया गया है।

Leave a Comment