हल्द्वानी: नैनीताल रोड स्थित एक प्रतिष्ठित होटल के जनरल मैनेजर पर दिल्ली निवासी युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि युवक शराब के नशे में जबरन उसके कमरे में घुसा और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन देर रात पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि वह अपनी सहेली के साथ रामनगर और हल्द्वानी के होटलों में इवेंट मैनेजमेंट का कार्य करती है। इसी दौरान उसकी मुलाकात रामनगर के सांवल्दे निवासी युवक से हुई, जो पहले एक रिजॉर्ट में मैनेजर था और अब हल्द्वानी के एक बड़े होटल का जीएम है। युवती का कहना है कि युवक ने मंगलवार रात उसे इवेंट कार्य के लिए बुलाया और कार्य के बाद उसे नैनीताल रोड स्थित एक होटल में ठहराया।
पीड़िता का आरोप है कि रात में युवक जबरन उसके कमरे में घुस आया, शराब पी और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर वह मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर भोटिया पड़ाव पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार यादव के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उस पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
