होटल ने होमगार्ड की जमीन पर किया कब्जा, जिला कमांडेंट चार्ज से हटाए गए, जांच शुरू.
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में होमगार्ड विभाग की जमीन पर कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी के पास एक होटल ने होमगार्ड कार्यालय की जमीन पर अवैध रूप से लॉन बना लिया। मामले में जिला कमांडेंट राहुल सचान पर जमीन होटल संचालक को किराए पर देने के गंभीर आरोप लगे हैं।
सूत्रों के अनुसार, होटल संचालक ने कमांडेंट से मिलीभगत कर होमगार्ड की खाली जमीन पर कब्जा किया और हर महीने उसके एवज में किराया दिया जा रहा था। इस कथित समझौते के तहत होटल की दीवार गिराकर जमीन को अपने कब्जे में लिया गया।
शिकायत मिलने पर विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। जिला कमांडेंट राहुल सचान को चार्ज से हटाकर मुख्यालय से अटैच कर दिया गया है और उनके खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच की जिम्मेदारी डिप्टी कमांडेंट जनरल को सौंपी गई है।
इस बीच होटल संचालक का दावा है कि उसने यह जमीन तेजस्विनी नामक एक एनजीओ से लीज पर ली है और हर महीने ₹50,000 का किराया एनजीओ को दे रहा है। हालांकि, जमीन की असली स्वामित्व और किराया समझौते को लेकर स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं है।
