प्रेमिका से मिलने आए युवक को खंभे से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल; कोर्ट मैरिज के बाद परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत.
लक्सर: हरिद्वार के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के भिक्कमपुर पुलिस चौकी अंतर्गत एक गांव में प्रेमिका से मिलने आए युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। युवक को गांव के कुछ लोगों ने खंभे से बांधकर लाठी-डंडों से पीटा। इस दौरान घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक उत्तर प्रदेश का निवासी है और उसका प्रेम संबंध भिक्कमपुर क्षेत्र की एक युवती से था। दोनों के बीच अक्सर बातचीत और मुलाकातें होती थीं। 16 जून को युवक युवती से मिलने फिर से उसके गांव पहुंचा, जहां ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई। इसके बाद युवक को पकड़कर गांव के ही कुछ लोगों ने एक खंभे से बांध दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। युवक लगातार खुद को छुड़ाने की गुहार लगाता रहा, लेकिन ग्रामीणों ने उसकी एक न सुनी। बाद में युवक ने दोबारा गांव न आने का वादा किया, तब जाकर उसे छोड़ा गया।
सूत्रों के अनुसार, घटना के कुछ दिन बाद युवक और युवती ने कोर्ट में शादी कर ली। अब 24 जून को युवक के परिजन भिक्कमपुर पुलिस चौकी पहुंचे और नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
