Udayprabhat
uttrakhand

हरिद्वार में आबकारी विभाग का एक्शन, 6 शराब तस्कर गिरफ्तार, 8,500 लीटर लहन और 215 लीटर कच्ची शराब बरामद

हरिद्वार: आबकारी विभाग ने हरिद्वार जिले में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान 6 शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 8,500 लीटर लहन और 215 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। मौके पर ही लहन को नष्ट कर दिया गया। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।

जिला आबकारी अधिकारी कैलाश चंद्र बिंजोला ने बताया कि यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त देहरादून के निर्देश और उप आबकारी आयुक्त प्रदीप कुमार के नेतृत्व में की गई। अभियान जिले के शांतरशाह, अम्बूवाला, कलंद्राखेड़ा और दिनारपुर क्षेत्रों में चलाया गया।

टीम को अभियान के दौरान 200 लीटर कच्ची शराब भट्टी और उपकरणों सहित मिली। इसके अलावा रुड़की के हरजोली जट क्षेत्र से भी 15 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।

जिला अधिकारी ने बताया कि जिले में कच्ची शराब का कारोबार गंभीर समस्या बनता जा रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि 2019 में रुड़की क्षेत्र में कच्ची शराब पीने से 40 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी, वहीं 2022 में पथरी थाना क्षेत्र में चार लोगों की जान चली गई थी। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Comment