मानसून में बढ़ा डेंगू का कहर, कोरोना के भी नए मामले सामने आए.
कोविड नियंत्रण में, लेकिन डेंगू दे रहा है टेंशन – देहरादून में नए मरीज मिले.
देहरादून: उत्तराखंड में कोरोना और डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है। बुधवार को कोरोना के 3 नए मामले सामने आए, जिससे कुल संक्रमितों की संख्या 70 हो गई है। इनमें 58 मरीज उत्तराखंड से हैं, जबकि 12 अन्य राज्य से लौटे हैं। अच्छी खबर यह है कि अब तक 53 मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं।
कोरोना नोडल अधिकारी डॉ. चंदन सिंह ने बताया कि कोविड की स्थिति नियंत्रण में है और अभी तक किसी भी मरीज में गंभीर लक्षण नहीं देखे गए हैं। उन्होंने लोगों को सतर्क रहने और जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी। अब तक 701 सैंपल की जांच हो चुकी है। फिलहाल 5 एक्टिव केस हैं—जिनमें से 3 होम आइसोलेशन में हैं, जबकि 2 मरीज क्रमशः कैलाश अस्पताल और राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं।
इसी बीच, मानसून सीजन में डेंगू का खतरा भी बढ़ रहा है। बुधवार को डेंगू के 5 नए मरीज सामने आए। इनमें से 3 श्री महंत इंद्रेश अस्पताल, 1 एम्स ऋषिकेश, और 1 हिमालयन इंस्टीट्यूट जोलीग्रांट में भर्ती है। जिले में अब तक 138 डेंगू केस रिपोर्ट हुए हैं, जिनमें 72 देहरादून और 66 अन्य क्षेत्रों से हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 8173 सैंपल लिए जा चुके हैं और 116 मरीज ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में 22 डेंगू के केस एक्टिव हैं—जिनमें से 11 श्री महंत इंद्रेश, 4 हिमालयन इंस्टीट्यूट, 4 एम्स ऋषिकेश, 1 ग्राफिक एरा अस्पताल, और 2 मरीज होम आइसोलेशन में हैं।
