Udayprabhat
uttrakhand

गढ़वाल: रेड अलर्ट के बावजूद कई अधिकारी ड्यूटी से मिले गायब, मोबाइल भी स्विच ऑफ, डीएम ने मांगा जवाब

टिहरी गढ़वाल: उत्तराखंड में मानसून की दस्तक के साथ ही टिहरी गढ़वाल जिले में भारी बारिश ने कहर बरपा रखा है। प्रशासनिक स्तर पर पहले से ही आपदा प्रबंधन को लेकर अलर्ट जारी किया गया था, बावजूद इसके कुछ अधिकारियों की लापरवाही सामने आई है। डीएम नितिका खंडेलवाल ने बिना अनुमति ड्यूटी से गायब और मोबाइल स्विच ऑफ करने वाले अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा है।

डीएम नितिका खंडेलवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार जिले में बारिश के रेड अलर्ट के मद्देनज़र सभी आवश्यक तैयारियाँ की गई हैं। प्रमुख मार्गों पर जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। इनमें घनसाली क्षेत्र के 24 और टिहरी क्षेत्र के 8 परिवार शामिल हैं।

जिला प्रशासन ने तहसील स्तर पर सभी कंट्रोल रूम्स को सक्रिय रखा है और बाढ़ चौकियों की नियमित निगरानी की जा रही है। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि वे नदी-नालों के किनारे न जाएं और सतर्कता बरतें।

डीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति में अधिकारी मुख्यालय न छोड़ें और मोबाइल फोन हमेशा चालू रखें। लेकिन इसके बावजूद कुछ अधिकारी न तो ड्यूटी पर थे और न ही उनसे संपर्क हो सका। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने सम्बंधित अधिकारियों से जवाब-तलब किया है और चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी गलती पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment