सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित ऑल इंडिया अंडर-17 गर्ल्स फुटबॉल टूर्नामेंट में देशभर की टीमों ने लिया भाग, डॉ. वीरेन्द्र रावत मुख्य ऑब्जर्वर.
देहरादून:सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल, देहरादून में आयोजित IPSC ऑल इंडिया (नेशनल) अंडर-17 गर्ल्स फुटबॉल टूर्नामेंट 2025 जो कि सुब्रतो कप इंटरनेशनल फुटबॉल चैंपियनशिप का क्वालीफाइंग राउंड भी है — अपने फाइनल पड़ाव पर पहुंच चुका है।
बिरला बालिका विद्यापीठ, पिलानी (राजस्थान) और विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार (हरियाणा) ने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बना ली है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट SGFI नेशनल टीम के चयन हेतु भी अहम भूमिका निभा रहा है।
आयोजन समिति के हेड ऑफ स्पोर्ट्स कवलजीत सिंह धालीवाल ने जानकारी दी कि टूर्नामेंट में देशभर की स्कूल टीमें हिस्सा ले रही हैं। टूर्नामेंट के मुख्य रेफरी, सेलेक्टर और ऑब्जर्वर की जिम्मेदारी भारत के प्रसिद्ध पूर्व नेशनल रेफरी डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को सौंपी गई है। उनके साथ हर्षित चौहान, मनोज नेगी, विमल रावत, वरुण चौहान और हिमांशु प्रजापति मैच संचालन में योगदान दे रहे हैं।
डॉ. रावत ने बताया कि विजेता टीम को सुब्रतो कप इंटरनेशनल अंडर-17 गर्ल्स फुटबॉल चैंपियनशिप 2025 में भाग लेने का मौका मिलेगा। साथ ही SGFI द्वारा नेशनल टूर्नामेंट के लिए उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन भी इसी प्रतियोगिता से किया जाएगा।
पहला सेमीफाइनल: बिरला बालिका विद्यापीठ, पिलानी ने मैयू कॉलेज स्कूल, अजमेर को 5-0 से हराया।
दूसरा सेमीफाइनल: विद्या देवी जिंदल स्कूल, हिसार ने पाइन ग्रोव स्कूल, हिमाचल प्रदेश को 12-0 के बड़े अंतर से पराजित किया।
फाइनल मुकाबला 3 जुलाई को सुबह 10 बजे खेला जाएगा। इससे पहले तीसरे स्थान के लिए भी प्लेऑफ मैच आयोजित किया जाएगा।
