ऋषिकेश से गंगोत्री जा रहे कांवड़ियों का ट्रक जाजल फकोट के पास दुर्घटनाग्रस्त, खाई में गिरने से बाल-बाल बचा.
टिहरी गढ़वाल: टिहरी गढ़वाल जिले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब कांवड़ियों को लेकर जा रहा एक ट्रक जाजल फकोट के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में कुल 15 कांवड़िए सवार थे, जो ऋषिकेश से गंगोत्री की ओर जा रहे थे। हादसे में सभी यात्री घायल हो गए, जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर उस समय हुआ, जब ट्रक के चालक ने वाहन पर से संतुलन खो दिया। अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे गहरी खाई की ओर पलट गया, लेकिन संयोग से वह वहीं अटक गया और खाई में गिरने से बच गया।
ट्रक के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत सहायता के लिए दौड़े और पुलिस तथा एसडीआरएफ को सूचना दी गई। दोनों टीमें त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। जेसीबी की मदद से ट्रक को सीधा किया गया और घायलों को एंबुलेंस से नरेंद्र नगर स्वास्थ्य केंद्र फकोट भेजा गया।
