Udayprabhat
uttrakhandदेहरादूनहेल्थ

राज्य में कोरोना और डेंगू के मामले बढ़े, 4 नए मरीज आए सामने, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में

देहरादून: उत्तराखंड में कोरोना और डेंगू के मामलों में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जा रही है। मंगलवार को देहरादून जिले में कोविड-19 के चार नए मामले सामने आए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि सभी मरीजों में संक्रमण के गंभीर लक्षण नहीं पाए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, नए मरीजों में एक सिनर्जी हॉस्पिटल, एक श्री महंत इंद्रेश अस्पताल और दो एम्स ऋषिकेश में भर्ती हैं। राज्य में अब तक कुल 91 कोरोना मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 76 देहरादून के स्थानीय निवासी हैं जबकि 15 मरीज अन्य जिलों से हैं।

फिलहाल प्रदेश में कोरोना के तीन सक्रिय मामले हैं। नए मामलों में से एक मरीज उपचार के लिए राज्य से बाहर चला गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराए हैं और कोरोना की रोकथाम को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.एस. बिष्ट ने बताया कि कोविड मरीजों के लिए अलग वार्ड और बेड आरक्षित किए गए हैं। अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में दवाइयों और चिकित्सकीय सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।

मानसून में डेंगू का खतरा भी बरकरार:

बारिश के मौसम में डेंगू के मामले भी सामने आने लगे हैं। मंगलवार को डेंगू के तीन नए मरीज मिले हैं, जिनमें दो देहरादून के स्थानीय निवासी हैं जबकि एक मरीज बाहरी है। अब तक जिले में डेंगू के कुल 164 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 86 देहरादून के जबकि 78 अन्य जिलों से संबंधित हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, डेंगू से अब तक 149 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में जिले में डेंगू के 15 सक्रिय मामले हैं। इनमें से 8 मरीज श्री महंत इंद्रेश अस्पताल, 3 ग्राफिक एरा अस्पताल, 1 हिमालयन अस्पताल और 1 मरीज दून अस्पताल में भर्ती है, जबकि दो मरीज होम आइसोलेशन में हैं।

Leave a Comment