Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: दहेज के लिए हैवानियत की हद पार, पिता ने दो साल के मासूम को फेंका छत से, पुलिस ने नहीं की रिपोर्ट दर्ज

उधमसिंह नगर: उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां दहेज की मांग पूरी न होने पर एक पिता ने अपनी दो साल के मासूम बेटे को छत से नीचे फेंक दिया। मासूम जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है, लेकिन काशीपुर पुलिस ने पहले इस गंभीर घटना पर कोई कार्रवाई नहीं की। अंततः पीड़िता उजमा को एसएसपी जनता दरबार में फरियाद करनी पड़ी, जहां से मामले की गंभीरता को देखते हुए काशीपुर पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए गए।

पीड़िता उजमा ने बताया कि उसका विवाह 14 नवंबर 2022 को शमी पुत्र अब्दुल रशीद से हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद से ही बाइक और नकद पैसे की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न शुरू हो गया। उजमा ने कई बार अपने मायके से पैसे लाकर दिए, लेकिन मांगें खत्म नहीं हुईं। 4 जुलाई को जब उसने और पैसे लाने से इनकार किया तो पति ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान दो वर्षीय बेटा हमजा पास आकर रोने लगा, तो हैवान पिता ने उसे घर की छत से नीचे फेंक दिया।

गंभीर रूप से घायल मासूम को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार हमजा के सिर की हड्डी टूट चुकी है और सिर में खून जम गया है। इस हैवानियत को अंजाम देने के समय सास, देवरानी, ननद सहित कई परिजन मौजूद थे, जिन्होंने ना सिर्फ यह सब देखा, बल्कि उजमा को भी छत से फेंकने के लिए उकसाया।

पीड़िता ने जब इस घटना की जानकारी काशीपुर पुलिस को दी तो उसकी शिकायत को नजरअंदाज कर दिया गया। निराश होकर वह एसएसपी मणिकांत मिश्रा के जनता दरबार पहुंची, जहां मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए।

अब देखना यह होगा कि पुलिस इस अमानवीय कृत्य में शामिल सभी लोगों पर क्या सख्त कदम उठाती है। मासूम की जान बचाने के लिए डॉक्टरों की टीम लगातार प्रयास कर रही है।

Leave a Comment