देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से हालात बिगड़ने लगे हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, रुद्रप्रयाग, टिहरी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच देहरादून जिला प्रशासन ने एहतियातन सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश की घोषणा की है।
मौसम विभाग के मुताबिक, पर्वतीय जिलों में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। राजधानी देहरादून में दिनभर बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
प्रदेश के कई हिस्सों में बीती रात से ही तेज बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई है, और नदियां व बरसाती नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से नदियों के किनारे न जाने की अपील की है। वहीं, भूस्खलन और मलबा आने की आशंका को देखते हुए हाईवे और लिंक रोड पर निगरानी बढ़ा दी गई है। राहत और बचाव दल पूरी तरह अलर्ट पर हैं।
