Udayprabhat
uttrakhand

उत्तराखंड: जागेश्वर के पास गदेरे में मिला अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव, इलाके में मची सनसनी

अल्मोड़ा: अल्मोड़ा जनपद के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम के पास स्थित कोटुली गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब गांव से सटे एक गदेरे (नाले) में एक अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव की स्थिति अत्यंत खराब थी, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, कोटुली गांव के कुछ लोग अपने मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर गए थे, तभी उन्हें गदेरे के पास एक शव दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना गांव में अन्य लोगों को दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर जागेश्वर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

पुलिस के अनुसार, शव 10 से 15 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और मृतक की उम्र करीब 30 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। शव की स्थिति इतनी खराब है कि पहचान कर पाना फिलहाल संभव नहीं हो पाया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। चौकी प्रभारी भगवान गिरि ने बताया कि शव संदिग्ध अवस्था में मिला है। मृतक के पैरों में जुराबें तो थीं, लेकिन जूते या चप्पल नहीं मिले। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की कहीं और हत्या कर शव को यहां फेंका गया हो। हालांकि, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है—यह आत्महत्या है या हत्या, फिलहाल कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता।

अभी तक क्षेत्र से किसी व्यक्ति के लापता होने की रिपोर्ट पुलिस को नहीं मिली है। शव की शिनाख्त के लिए पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। मृतक के शव को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है, ताकि इस दौरान कोई परिजन शिनाख्त कर सके। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

Leave a Comment