Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

देहरादून में जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान बना प्रशासन की पहचान

जनता दर्शन में डीएम सविन बंसल ने विधवा की पीड़ा पर लिया संज्ञान, नगर निगम को मृतक आश्रित कोटे में नियुक्ति के दिए सख्त निर्देश.
जनसेवा सर्वोपरि के संकल्प के साथ डीएम सविन बंसल का त्वरित एक्शन, पीड़िता रेनू को नौकरी की आस.

देहरादून: जिला प्रशासन द्वारा जनहित में लगातार लिए जा रहे त्वरित और प्रभावी फैसलों से जनमानस में सरकार और प्रशासन के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। मुख्यमंत्री के “जनसेवा सर्वोपरि” संकल्प से प्रेरित जिलाधिकारी सविन बंसल अपनी प्रशासनिक टीम के साथ मिलकर जनसमस्याओं के त्वरित समाधान में जुटे हैं।

इसी क्रम में, 7 जुलाई को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विधवा महिला रेनू ने जिलाधिकारी के समक्ष गुहार लगाई। रेनू ने बताया कि उनके पति सुरेंद्र सिंह, नगर निगम देहरादून में पर्यावरण मित्र के पद पर स्थायी रूप से कार्यरत थे, जिनकी मृत्यु 17 अप्रैल 2025 को हो गई। दो बेटियों की माँ रेनू की आर्थिक स्थिति अत्यंत दयनीय है और उन्होंने मृतक आश्रित कोटे में नौकरी के लिए नगर निगम में आवेदन किया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

इस पर डीएम सविन बंसल ने त्वरित संज्ञान लेते हुए नगर निगम अधिकारियों और तहसीलदार को तत्काल तलब किया। उन्होंने अधिकारियों से कड़ा सवाल किया कि जब मृतक कोटे में नियुक्ति का स्पष्ट प्रावधान है, तो अब तक नियुक्ति में देरी क्यों की गई। डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए नगर आयुक्त को रेनू को शीघ्र नियुक्ति देने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील से आवश्यक आख्या नगर निगम को तत्काल भेजने को कहा गया। रेनू को अब अपने दिवंगत पति की जगह नौकरी मिलने की उम्मीद जगी है।

जिलाधिकारी सविन बंसल द्वारा प्रत्येक सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में अब सिर्फ राजस्व विभाग ही नहीं, बल्कि अन्य विभागों, सार्वजनिक संस्थानों और निजी कंपनियों से जुड़ी समस्याएं भी सामने आ रही हैं। इनका समाधान मौके पर ही किया जा रहा है, जिससे जनता का विश्वास प्रशासनिक व्यवस्था पर और अधिक मजबूत हो रहा है।

Leave a Comment