Udayprabhat
uttrakhand

मसूरी में दुधली में शराब की दुकान खुलने पर महिलाओं का फूटा गुस्सा, बंद नहीं हुई तो चक्का जाम की दी चेतावनी

राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे खुली शराब की दुकान के खिलाफ महिलाओं ने सभासद जसबीर कौर के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन, बेटियों की सुरक्षा पर उठाए सवाल।

मसूरी: दुधली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे खोली गई शराब की दुकान ने स्थानीय जनता, खासकर महिलाओं में भारी आक्रोश फैला दिया है। महिलाओं ने इस कदम को समाज विरोधी बताते हुए सोमवार को सभासद जसबीर कौर के नेतृत्व में एसडीएम कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी देहरादून के नाम ज्ञापन सौंपा और दुकान को तत्काल बंद कराने की मांग की।

विरोध कर रहीं महिलाओं का कहना है कि दुकान खुलने के बाद से क्षेत्र में माहौल बिगड़ता जा रहा है। सड़क किनारे खुलेआम शराब पीने की घटनाएं बढ़ गई हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि जिस मार्ग से गांव की छात्राएं स्कूल और कॉलेज जाती हैं, वहीं नशे में धुत लोग बैठे मिलते हैं, जिससे बेटियों को असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।

एक महिला ने रोष जताते हुए कहा, “हम अपने बच्चों को पढ़ने कैसे भेजें जब हर मोड़ पर नशे में लोग मिलेंगे? बेटियों की सुरक्षा कौन करेगा?” उन्होंने कहा कि यह केवल एक दुकान नहीं, बल्कि सामाजिक ताने-बाने को बिगाड़ने की शुरुआत है। पहले ही युवा नशे की ओर बढ़ रहे हैं और अब यह दुकान उनकी पहुंच और आसान बना रही है।

सभासद जसबीर कौर ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड सरकार शराब से राजस्व कमाने की होड़ में सामाजिक मूल्यों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि स्कूल, मंदिर और रिहायशी बस्तियों के पास शराब की दुकानें खोलना नीति के विपरीत है। शराब दुकान खोलने के नियमों की भी खुलकर अनदेखी की जा रही है। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर दुकान बंद नहीं की गई, तो वे राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनिश्चितकालीन चक्का जाम करेंगी।

Leave a Comment