Udayprabhat
uttrakhand

देवप्रयाग में भूस्खलन का कहर, भारी बारिश से पहाड़ी दरकी, दो घायल, मकान और वाहन क्षतिग्रस्त

पौड़ी-देवप्रयाग हाईवे पर मलबा जमा, यातायात प्रभावित; प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की.

देवप्रयाग/पौड़ी: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और पहाड़ों के दरकने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे जानमाल का खतरा भी बढ़ गया है।

सोमवार को टिहरी जिले के देवप्रयाग में भारी बारिश के चलते भीषण भूस्खलन हुआ। संगम नगरी के पौड़ी बाह बाजार क्षेत्र में अचानक पहाड़ी दरकने से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया। इस दौरान दो लोग मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया है।

भूस्खलन की भयावह घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे पहले छोटे पत्थर गिरने लगे और कुछ ही क्षणों में बड़े-बड़े बोल्डर तेज आवाज के साथ नीचे गिरते चले गए। गिरते बोल्डरों से एक गौशाला, एक मकान और दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही लोक निर्माण विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं। भूस्खलन के कारण पौड़ी-देवप्रयाग स्टेट हाईवे पर यातायात बाधित हो गया है। हाईवे को सुचारू करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

पौड़ी गढ़वाल के एसडीएम दीपक रामचंद्र सेठ ने बताया कि सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावितों को हरसंभव राहत दी जाएगी।

प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से अपील की है कि वे मानसून के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करते समय विशेष सतर्कता बरतें। पहाड़ों में लगातार भूस्खलन की आशंका बनी हुई है, इसलिए सावधानी ही सुरक्षा है।

Leave a Comment