बाग स्वामी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस, प्रारंभिक जांच में विवाद की आशंका, सीसीटीवी खंगाले जा रहे.
हरिद्वार: हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र अंतर्गत किशनपुर गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बाग के अंदर ई-रिक्शा चालक का शव पड़ा मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनोज नौटियाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की।
शव की पहचान अंबुवाला निवासी प्रदीप (48 वर्ष), पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है। घटनास्थल के समीप ही प्रदीप का ई-रिक्शा भी खड़ा मिला, जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि उसकी हत्या कर शव को वहीं बाग में फेंक दिया गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को यह आशंका है कि प्रदीप की हत्या गला दबाकर की गई है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना की सूचना सबसे पहले बाग के स्वामी ने पुलिस को दी। शव देख उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी पुराने विवाद की बात भी सामने आ रही है। पुलिस मृतक के परिवार और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे के कारणों और दोषियों का जल्द पता लगाया जा सके।
इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस ने जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
