देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को राज्य के 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 6 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गढ़वाल मंडल के देहरादून, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल और हरिद्वार जिलों में आज अधिकांश स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं, कुमाऊं मंडल के नैनीताल, चंपावत और उधम सिंह नगर जिलों में भी तेज बारिश का अनुमान है।
इसके अतिरिक्त उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में मध्यम बारिश का अनुमान जताया गया है, जिनके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
देहरादून जिले में लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए आज सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिला मजिस्ट्रेट ने आदेश जारी करते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, 22 जुलाई से 26 जुलाई तक पूरे उत्तराखंड में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। लोगों को सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
