Udayprabhat
accidentuttrakhand

उत्तरकाशी में गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का पलटा ट्रक, 5 घायल, एक लापता- KANWAR YATRA TRUCK ACCIDENT

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिले में गंगाजल लेकर लौट रहे दिल्ली के कांवड़ यात्रियों का ट्रक सोनगाड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में पांच कांवड़ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल गंगनानी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी गई है।

हादसा रविवार शाम को हुआ, जब दिल्ली निवासी 13 कांवड़ यात्रियों से भरा ट्रक गंगोत्री से गंगाजल भरकर लौट रहा था। सोनगाड़ के निकट मोड़ पर वाहन संतुलन खो बैठा और सड़क के बीचों-बीच पलट गया। हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा।

ट्रक पलटने से हाईवे बंद:

गंगोत्री हाईवे बाधित होने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत वैकल्पिक मार्ग बनाकर भारी वाहनों की आवाजाही शुरू करवाई, जबकि छोटे वाहन हाईवे से ही गुजर रहे हैं।

एक कांवड़ यात्री लापता:

इसी बीच, गंगनानी से आगे नाग देवता मंदिर के पास देर रात एक अन्य कांवड़ यात्री सड़क से नीचे गिर गया। घटनास्थल पर पहुंची एसडीआरएफ और पुलिस ने रातभर तलाशी अभियान चलाया, लेकिन अंधेरे के चलते लापता युवक का पता नहीं चल सका। रेस्क्यू ऑपरेशन फिलहाल रोक दिया गया है और सुबह फिर से खोजबीन शुरू की जाएगी।

हर्षिल थानाध्यक्ष दीपक रावत ने बताया कि घाटी में इन दिनों कांवड़ यात्रा अपने चरम पर है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेने गंगोत्री पहुंच रहे हैं। पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।

Leave a Comment