ऋषिकेश: उत्तराखंड में लगातार हो रहे सड़क हादसों की कड़ी में एक और मामला सामने आया है, लेकिन इस बार एक बड़ा हादसा चमत्कारिक रूप से टल गया। ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर स्थित कौड़ियाला के पास एक अनियंत्रित कार करीब 10 मीटर गहरी खाई में गिरने से पहले पेड़ पर अटक गई, जिससे चार लोगों की जान बच गई।
घटना ताज होटल कौड़ियाला के समीप की है, जहां कार संख्या UK 07 P 8707 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे फिसल गई। कार में तीन पुरुष और एक महिला सवार थे। जैसे ही कार खाई की ओर लुढ़की, वहां मौजूद एक बड़ा पेड़ आड़े आ गया और कार उसी पर अटक गई। इससे बड़ा हादसा होते-होते बच गया।
हादसे के बाद कार सवारों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और रेस्क्यू टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ब्यासी से अपर उप निरीक्षक शेखर चंद्र जोशी के नेतृत्व में टीम मौके के लिए रवाना हुई। SDRF ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया। टीम की तत्परता से चारों की जान बच पाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि पेड़ न होता, तो कार और नीचे गिर सकती थी, जिससे जान का नुकसान भी हो सकता था।
स्थानीय प्रशासन ने इस घटना को चेतावनी मानते हुए लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की है, विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में ड्राइविंग के दौरान।
