Udayprabhat
Breaking Newsuttrakhandएजुकेशन

उत्तराखंड में प्रतियोगी छात्रों को बड़ी राहत: UKSSSC ने 10 भर्तियों का परीक्षा कैलेंडर जारी किया, जानिए पूरी डिटेल- UKSSSC EXAMINATION CALENDAR 2025

देहरादून: उत्तराखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने समूह-ग के अंतर्गत आने वाली 10 महत्वपूर्ण भर्तियों का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। लंबे समय से भर्तियों की प्रतीक्षा कर रहे युवाओं के लिए यह बड़ा कदम माना जा रहा है, जो उनके करियर निर्माण की दिशा में मददगार होगा।

UKSSSC सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि ये तिथियां अस्थायी हैं और परिस्थितियों के अनुसार इनमें बदलाव संभव है। फिर भी आयोग द्वारा जारी तिथियों से छात्रों को तैयारी की स्पष्ट दिशा मिलेगी।

विज्ञापनवार परीक्षा कार्यक्रम इस प्रकार है:

विज्ञापन संख्या 65: आरक्षी जनपदीय पुलिस (पुरुष) व पीएसी-आईआरबी (पुरुष) की परीक्षा 3 अगस्त 2025 को होगी।

विज्ञापन संख्या 64: कनिष्ठ सहायक व अन्य पदों के लिए टंकण परीक्षा 18 अगस्त 2025 से आयोजित होगी।

विज्ञापन संख्या 68: प्रयोगशाला सहायक (रसायन, वनस्पति, उद्यान, पशुपालन) व मशरूम पर्यवेक्षक वर्ग-3 की परीक्षा 24 अगस्त 2025 को होगी।

इसी विज्ञापन में: फोटोग्राफर, स्नातक सहायक, प्रतिरूप सहायक और वैज्ञानिक सहायक की परीक्षा 31 अगस्त 2025 निर्धारित है।

विज्ञापन संख्या 69: सहायक लेखाकार व अन्य की परीक्षा 7 सितंबर 2025 प्रस्तावित है।

विज्ञापन संख्या 70: स्नातक स्तरीय परीक्षा 21 सितंबर 2025 को होगी।

विज्ञापन संख्या 71: सहकारी निरीक्षक वर्ग-2 व सहायक विकास अधिकारी (सहकारी) की परीक्षा 5 अक्टूबर 2025 को प्रस्तावित है।

विज्ञापन संख्या 68: सहायक कृषि अधिकारी (रसायन शाखा) एवं प्राविधिक सहायक (अभियंत्रण शाखा) की परीक्षा 12 अक्टूबर 2025 को होगी।

विज्ञापन संख्या 72: राज्य/जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग की परीक्षा 9-10 नवंबर 2025 को प्रस्तावित है।

फार्मासिस्ट पद की परीक्षा स्थगित:

विज्ञापन संख्या 68 के अंतर्गत फार्मासिस्ट पद की परीक्षा तिथि फिलहाल स्थगित कर दी गई है। यह परीक्षा हाईकोर्ट के अगले आदेश के बाद तय की जाएगी।

बेरोजगारी के आंकड़े चौंकाने वाले:

गौरतलब है कि उत्तराखंड में 8.83 लाख से अधिक बेरोजगार सेवायोजन कार्यालय में पंजीकृत हैं। अकेले देहरादून में 1.21 लाख और हरिद्वार में 1.13 लाख बेरोजगार युवाओं ने नाम दर्ज कराया है। सबसे कम चंपावत जिले में केवल 17,838 पंजीकरण हुए हैं।

इस परीक्षा कैलेंडर के जारी होने से इन बेरोजगार युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद बढ़ी है। आयोग की पारदर्शिता और समयबद्धता युवाओं में विश्वास जगा रही है।

Leave a Comment