Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

बर्ड फ्लू का खतरा, देहरादून अलर्ट पर डीएम ने पोल्ट्री फार्म, सीमाओं और बाजारों पर बढ़ाई निगरानी

देहरादून: उत्तर प्रदेश में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) की पुष्टि के बाद देहरादून जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने  संबंधित विभागों की बैठक लेकर रोकथाम के लिए कड़े निर्देश जारी किए।

अत्यधिक संक्रामक वायरल रोग है जो मुख्य रूप से पक्षियों को प्रभावित करता है और दुर्लभ मामलों में मनुष्यों में भी फैल सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि फिलहाल जिले के किसी पोल्ट्री फार्म में बर्ड फ्लू का मामला नहीं मिला है, लेकिन एहतियात के तौर पर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पशुपालन विभाग को आदेश दिया गया है कि अगले तीन दिनों के भीतर जिले के सभी पोल्ट्री फार्म से रैंडम सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएं। फार्म पर नियमित निगरानी रखी जाएगी और रैपिड रिस्पांस टीम को सक्रिय किया जाएगा। वन विभाग को तालाब, झील और नदियों के किनारे रहने वाले पक्षियों की निगरानी और मृत या बीमार पक्षी की तत्काल सूचना देने के निर्देश मिले हैं।

पुलिस विभाग को उत्तर प्रदेश से लगी सीमाओं पर चेक पोस्ट स्थापित करने और बाहर से आने वाले जिंदा मुर्गे, मुर्गा मांस और अंडों की एंट्री पर अगली सूचना तक रोक लगाने को कहा गया है। साथ ही अनाधिकृत मीट दुकानों को तत्काल सीज करने के निर्देश दिए गए हैं।

सैनिक कल्याण अधिकारी को जिले में स्थित आर्मी और अर्धसैनिक बल मुख्यालयों को सतर्क करने के आदेश दिए गए हैं। सभी एसडीएम, पशु चिकित्साधिकारी और नगर निकायों को अपने-अपने क्षेत्र में पोल्ट्री फार्म संचालकों और मुर्गा-मांस व्यापारियों के साथ बैठक कर जागरूकता फैलाने के निर्देश भी जारी किए गए।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि बर्ड फ्लू से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका सतर्कता और समय पर सूचना देना है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि किसी भी मृत या संदिग्ध पक्षी की सूचना तुरंत पशु चिकित्सा विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।

Leave a Comment