देहरादून: महानगर में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और आमजन के आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए दून पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक नगर स्वयं सिटी मजिस्ट्रेट के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील रहते हुए कार्रवाई का जायजा लिया।
अभियान के दौरान मुख्य मार्गों, बस और ऑटो स्टैंडों पर अवैध रूप से फड़/ठेली लगाकर तथा वाहनों को अव्यवस्थित रूप से पार्क कर मार्ग अवरुद्ध करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले 24 व्यक्तियों के खिलाफ 83 पुलिस एक्ट के अंतर्गत चालान कर 2 लाख 40 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, फुटपाथ और बस स्टैंडों पर फड़/ठेली लगाकर जनता का मार्ग बाधित करने वाले 111 व्यक्तियों के विरुद्ध 81 पुलिस एक्ट में चालान कर 44 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। मौके से सभी ठेलियों को भी हटवाया गया।
यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वाले वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। अवैध रूप से मुख्य मार्गों पर पार्क किए गए 5 वाहनों को सीज किया गया, जबकि 45 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया कि शहर की यातायात व्यवस्था में किसी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित रूप से चेकिंग कर अवैध अतिक्रमण व अनधिकृत पार्किंग पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
