देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल के प्रयासों से चकराता और त्यूनी जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अब आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो रहे हैं। ऋषिपर्णा सभागार कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में डीएम ने निरीक्षण अनुपालन रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं।
चकराता स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों की सुविधा हेतु पंजीकरण और दवा वितरण के लिए अलग काउंटर बनाए जा रहे हैं। दंत अनुभाग की आरबीजी मशीन की मरम्मत कर दी गई है। प्रसव कक्ष हेतु नई डिलीवरी टेबल व एलईडी फोकस लाइट की खरीद हो चुकी है। साथ ही, 12.56 लाख की लागत से बोलेरो नियो एम्बुलेंस उपलब्ध करा दी गई है।
त्यूनी स्वास्थ्य केन्द्र को भी आधुनिक उपकरणों से सुसज्जित किया जा रहा है। यहां डेड बॉडी डीप फ्रीजर, अल्ट्रासाउंड मशीन व 500 एमएएच एक्स-रे मशीन की खरीद प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। डीएम के निर्देश पर अब रेडियोलॉजिस्ट माह में दो दिन सेवाएं देंगे। केन्द्र को टाइप-बी में उन्नयन का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। इसके अलावा भवन की मरम्मत, शौचालय और प्रसव कक्ष के विस्तार कार्य जारी हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि त्यूनी केन्द्र में 15 रूम हीटर, इलेक्ट्रिक केतली, तकिए और बैंच भी उपलब्ध कराए गए हैं। सेविका और स्वच्छक की तैनाती से सफाई व देखभाल व्यवस्था मजबूत हुई है।
डीएम बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से ग्रामीण व पहाड़ी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सशक्त बनाने का अभियान चल रहा है। आने वाले समय में इन केन्द्रों के उन्नयन से स्थानीय लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उनके ही क्षेत्र में उपलब्ध होंगी।
