जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निकले जुलूस पर अचानक एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन चढ़ गया। इस भीषण हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा 2 सितंबर 2025 की रात लगभग 11 बजे ग्राम जुरूडांड में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 120 से 150 लोग गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए बगीचा-जशपुर मार्ग से गुजर रहे थे। प्रतिमा को “छोटा हाथी” वाहन पर रखा गया था और उसके पीछे ट्रैक्टर व डीजे चल रहा था। इसी बीच बोलेरो (क्रमांक सीजी 15 सीआर 1429) का चालक, जिसकी पहचान सुखसागर वैष्णव (40 वर्ष, निवासी कुदमुरा, थाना बगीचा) के रूप में हुई है, शराब के नशे में तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए सीधे जुलूस की भीड़ में घुस गया।
वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई श्रद्धालु हवा में उछलकर दूर जा गिरे, जबकि कुछ लोग गाड़ी के नीचे कुचल गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। गुस्साई भीड़ ने चालक को पकड़कर जमकर पिटाई की, जबकि बोलेरो में सवार अन्य लोग मौके से फरार हो गए।
हादसे में जिन तीन लोगों की मौत हुई, वे सभी ग्राम जुरूडांड, थाना बगीचा के निवासी थे। घायल लोगों को तत्काल बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां बीएमओ डॉ. सुनील लकड़ा और उनकी टीम ने रातभर इलाज किया। गंभीर रूप से घायल मरीजों को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सीएमएचओ डॉ. जी.एस. जात्रा ने बताया कि पूरा स्वास्थ्य अमला अलर्ट पर है और घायलों की लगातार निगरानी की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जशपुर विधायक रायमुनि भगत देर रात अस्पताल पहुंचीं और घायलों व परिजनों से मुलाकात कर मदद का भरोसा दिलाया। वहीं जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास और एसएसपी शशिमोहन सिंह ने भी अस्पताल का दौरा किया। कलेक्टर ने बताया कि इलाज में किसी भी तरह की कमी न हो, इसके लिए प्रशासन ने मेडिकल ऑफिसर और दो नायब तहसीलदार को अंबिकापुर भेजा है।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है।
