नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 का खिताब जीतकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इतिहास रच दिया था। टीम ने पहली बार खिताब अपने नाम किया और बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में विजय समारोह का आयोजन किया गया। लेकिन जश्न का यह पल अचानक मातम में बदल गया, जब समारोह स्थल के पास भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक घटना में 11 लोगों की मौत हो गई और करीब 47 लोग घायल हुए।
घटना के बाद आरसीबी प्रबंधन और कर्नाटक सरकार दोनों पर सवाल उठे। टीम और विराट कोहली की आलोचना भी जमकर हुई। स्थिति को देखते हुए फ्रैंचाइजी ने मृतकों के परिजनों के लिए शुरू में 10-10 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दिया गया।

करीब चार महीने बाद अब टीम के दिग्गज बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भी इस त्रासदी पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। आरसीबी के आधिकारिक एक्स अकाउंट से कोहली का एक संदेश साझा किया गया, जिसमें उन्होंने लिखा:
“ज़िंदगी आपको कभी भी 4 जून जैसे दिल तोड़ने वाले दिन के लिए तैयार नहीं करती। जो पल हमारी फ्रैंचाइज़ी के इतिहास का सबसे खुशहाल होना चाहिए था, वही सबसे दुखद साबित हुआ। मैं उन परिवारों के बारे में लगातार सोच रहा हूं और प्रार्थना कर रहा हूं, जिनके प्रियजन हमें छोड़ गए। हमारे घायल प्रशंसक भी हमारी दुआओं में हैं। आपका नुकसान अब हमारी कहानी का हिस्सा है। हम सब मिलकर देखभाल, सम्मान और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ेंगे।”
विराट कोहली पिछले 18 सालों से आरसीबी का अहम हिस्सा रहे हैं। 2008 से टीम के साथ जुड़े कोहली ने लंबे समय तक कप्तानी संभाली और बतौर सलामी बल्लेबाज 2025 में टीम को पहला खिताब जिताने में बड़ा योगदान दिया। रजत पाटीदार की कप्तानी में खिताब जीतने वाली टीम के लिए कोहली ने शानदार प्रदर्शन किया और पूरे टूर्नामेंट में अहम पारी खेलीं।
आईपीएल में अब तक कोहली ने 267 मैचों में 8661 रन बनाए हैं, जिसमें 8 शतक और 63 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 122* रहा है। इस दौरान उन्होंने 771 चौके और 291 छक्के लगाए हैं।
आरसीबी का यह पहला खिताबी सफर हमेशा याद किया जाएगा, लेकिन भगदड़ की यह घटना टीम और उसके प्रशंसकों के दिलों में गहरे जख्म छोड़ गई है। कोहली का संदेश यही दिखाता है कि आरसीबी इस त्रासदी को कभी नहीं भूलेगी और भविष्य में और अधिक जिम्मेदारी के साथ कदम बढ़ाएगी।

