रुड़की: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से दो चौंकाने वाली घटनाएं सामने आई हैं। सिडकुल थाना क्षेत्र में एक विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलस गई, जबकि ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे एक नवजात का शव मिला है।
जानकारी के अनुसार, विवाहिता भारती की शादी 27 अक्टूबर 2024 को ग्राम हेत्तमपुर रोशनाबाद निवासी आशीष के साथ हुई थी। पीड़िता के भाई जयप्रकाश ने बताया कि शादी के कुछ महीनों के बाद से ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर भारती को प्रताड़ित करने लगा। हालात बिगड़ने पर मायके पक्ष ने कई बार समझौते की कोशिश की, लेकिन ससुराल पक्ष का रवैया और कठोर हो गया।
बीती 11 अक्टूबर को आरोप है कि ससुराल वालों ने भारती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। सूचना मिलने पर मायके वाले उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। वर्तमान में भारती करीब 80 प्रतिशत झुलस चुकी हैं और देहरादून के एक निजी अस्पताल में गंभीर अवस्था में भर्ती हैं। सिडकुल कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा ने बताया कि आरोपी पति आशीष और ससुराल के अन्य परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मायके पक्ष ने मामले की शिकायत राज्य महिला आयोग में भी की है। आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने पुलिस से तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास एक नवजात का शव पॉलिथीन में पाया गया। बताया जा रहा है कि जानवरों ने नवजात का हाथ भी नोंच दिया है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई है।
