Udayprabhat
uttrakhand

हल्द्वानी में लाखों की चरस के साथ ड्रग तस्कर गिरफ्तार, हाल ही में जमानत पर बाहर आया हुआ था आरोपी

हल्द्वानी: उत्तराखंड में नशे की तस्करी लगातार बढ़ती जा रही है और इस बार एक बड़ी कार्रवाई में उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने पहाड़ी क्षेत्रों से चरस खरीदकर मैदानी इलाकों में बेचने वाले एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लगभग 2 किलो 20 ग्राम चरस बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत 12 लाख रुपए आंकी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी नारायण सिंह परगई (58 वर्ष), मूल निवासी ग्राम कुकना, तहसील ओखेलकांडा, जनपद नैनीताल और वर्तमान में हल्द्वानी स्थित जय दुर्गा कॉलोनी का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चरस चम्पावत के नौलिया गांव से खरीदी थी और इसे मैदानी क्षेत्रों में ऊंची कीमत पर बेचने की योजना बनाई थी।

दिलचस्प बात यह है कि नारायण सिंह परगई पहले भी चरस तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। जमानत मिलने के बाद थोड़े ही समय में अधिक कमाई के लालच में उसने फिर से तस्करी का रास्ता अपनाया। आरोपी के इस कृत्य ने यह स्पष्ट कर दिया है कि नशे का कारोबार उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहा है और तस्करों की हिम्मत लगातार मजबूत हो रही है।

एसटीएफ और हल्द्वानी पुलिस आरोपी से अन्य कई ड्रग तस्करों के नाम और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। इसके आधार पर आगे अलग से कई कार्रवाइयाँ की जाएंगी। पुलिस आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है, ताकि इस तस्करी के बड़े नेटवर्क को पकड़ा जा सके।

Leave a Comment