म्यूजिक कंपोजर सचिन सांघवी को बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है.
मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर म्यूजिक कंपोजर सचिन सांघवी को मुंबई पुलिस ने एक 20 वर्षीय युवती से यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार किया है। सचिन, प्रसिद्ध संगीतकार जोड़ी ‘सचिन-जिगर’ का हिस्सा हैं, जिन्होंने थामा, भेड़िया, स्त्री 2 और मुंज्या जैसी लोकप्रिय फिल्मों का संगीत दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि सचिन ने उसे संगीत के क्षेत्र में काम दिलाने और शादी का झांसा देकर उसका यौन शोषण किया। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने उन्हें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है।
जांच अधिकारियों ने बताया कि पीड़िता की उम्र 20 वर्ष है और वह फरवरी 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से सचिन के संपर्क में आई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी, जिसके बाद सचिन ने उसे अपने स्टूडियो बुलाया। वहीं, उन्होंने कथित तौर पर उसे शादी का वादा किया और कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
पीड़िता का कहना है कि यह सब उसकी मर्जी के खिलाफ हुआ और सचिन ने बार-बार झूठे वादे कर उसका शोषण किया। युवती ने बताया कि यह उत्पीड़न लंबे समय तक चलता रहा। इसके बाद उसने साहस जुटाकर पुलिस से संपर्क किया और पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अधिकारियों ने कहा है कि इसमें निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने सचिन के स्टूडियो और डिजिटल उपकरणों को भी जब्त किया है ताकि सबूतों की जांच की जा सके।
बता दें कि सचिन सांघवी और जिगर सरैया की जोड़ी बॉलीवुड में सचिन-जिगर नाम से जानी जाती है। दोनों ने कई सुपरहिट फिल्मों के लिए म्यूजिक कंपोज किया है, जिनमें परम सुंदरी, तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया, स्त्री, भेड़िया, चंढीगढ़ करे आशिकी, जरा हटके जरा बचके और एबीसीडी 2 जैसी फिल्में शामिल हैं।
इस गिरफ्तारी के बाद बॉलीवुड में हड़कंप मच गया है। फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने इस खबर पर हैरानी जताई है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आने वाले दिनों में इस केस से जुड़े और खुलासे होने की संभावना है।
