Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

दीपावली विवाद में लहराया शस्त्र, डीएम ने लाइसेंस किया निलंबित

देहरादून: दीपावली के दिन पटाखा जलाने को लेकर हुए विवाद में लाइसेंसी शस्त्र लहराने के मामले में जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने सख्त कार्रवाई की है। डीएम ने तत्काल प्रभाव से आरोपी पुनीत अग्रवाल का शस्त्र जब्त कर उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया है। साथ ही, लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्यवाही भी प्रारंभ कर दी गई है।

घटना रायपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एटीएस कॉलोनी की है, जहां 19 अक्तूबर को दो पक्षों में पटाखा जलाने को लेकर विवाद हुआ। इस दौरान तैस में आकर पुनीत अग्रवाल पुत्र मदन मोहन अग्रवाल, निवासी 144-एल, एटीएस कॉलोनी, ने अपना लाइसेंसी हथियार लहरा दिया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की रिपोर्ट के अनुसार, मामूली विवाद के दौरान इस प्रकार शस्त्र का प्रदर्शन गंभीर लापरवाही का मामला है, जिससे भविष्य में दुरुपयोग की संभावना बनती है। इस पर डीएम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए हथियार जब्त कर लिया और लाइसेंस निलंबित कर दिया।

डीएम सविन बंसल ने कहा कि “कानून से खिलवाड़ जिले में किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी व्यक्ति शस्त्र का दुरुपयोग करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।” घटना के बाद दोनों पक्षों को तलब किया गया है। बताया गया है कि शस्त्र लाइसेंस जारी करते समय निर्धारित शर्तों का घोर उल्लंघन हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अब लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी।

Leave a Comment