Udayprabhat
uttrakhandदेहरादून

उत्तराखंड रजत जयंती महोत्सव: तैयारियों का सीएम धामी ने किया निरीक्षण, 9 नवंबर को पीएम मोदी होंगे मुख्य अतिथि

देहरादून: उत्तराखंड के गठन को 25 वर्ष पूरे होने पर राज्यभर में रजत जयंती महोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा कई भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राज्य स्थापना दिवस 9 नवंबर को देहरादून स्थित फॉरेस्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट (एफआरआई) के मैदान में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को एफआरआई परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।

सीएम धामी ने कहा कि एफआरआई का मैदान पर्यावरण की दृष्टि से देहरादून का प्रमुख स्थल है। उन्होंने कहा, “यहीं पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का सफल आयोजन हुआ था। अब एक बार फिर वही ऊर्जा और उत्साह राज्य के रजत जयंती समारोह में देखने को मिलेगा।”

मुख्यमंत्री ने बताया कि रजत जयंती वर्ष के अंतर्गत आयोजित विशेष सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहले ही अपना संबोधन दे चुकी हैं। अब 9 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी के आगमन को लेकर पूरे राज्य में उत्सव और उमंग का माहौल है। सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने दिल के करीब मानते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और कई योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है।

आगामी कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री ने बताया कि एफआरआई मैदान में होने वाले समारोह में “विकसित भारत का संकल्प” थीम पर राज्य की आगामी 25 वर्षों की विकास यात्रा का खाका प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा, “रजत जयंती उत्सव केवल राज्य के गौरव का प्रतीक नहीं, बल्कि आने वाले वर्षों में विकसित उत्तराखंड के निर्माण का सामूहिक संकल्प भी है।”

मुख्य आयोजन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ राज्य के विभिन्न जिलों की उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर सुरक्षा, यातायात और व्यवस्थाओं की तैयारी जोरों पर है।

Leave a Comment