Udayprabhat
Entertainmentदेश

‘हिम्मत है तो आ…’, विजय दिवस पर ‘बॉर्डर 2’ का देशभक्ति दमदार टीजर रिलीज

विजय दिवस के मौके पर ‘बॉर्डर 2’ के मेकर्स ने फिल्म का टीजर जारी किया है. यह फिल्म 2026 में गणतंत्र दिवस पर रिलीज होगी.

मुंबई: विजय दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना को और प्रबल करते हुए फिल्म ‘बॉर्डर 2’ के निर्माताओं ने फिल्म का बहुप्रतीक्षित टीजर रिलीज कर दिया है। टीजर के सामने आते ही यह सोशल मीडिया पर छा गया और दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। टीज़र लॉन्च का विशेष कार्यक्रम मंगलवार को मुंबई में आयोजित किया गया, जिसमें फिल्म की पूरी स्टारकास्ट और मेकर्स मौजूद रहे।

मेकर्स ने टीजर को इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, “वजह कहां तक जानी चाहिए… इस विजय दिवस पर साल के सबसे प्रतीक्षित टीजर का जश्न मनाएं।” टीजर की टैगलाइन ने दर्शकों के बीच देशभक्ति का जोश भर दिया है।

युद्ध की गर्जना से शुरू होता है टीजर

2 मिनट 4 सेकंड के इस टीजर की शुरुआत युद्ध के हॉर्न से होती है, जो जंग के आगाज का संकेत देता है। इसके बाद भारतीय सेना के बंकर, दुश्मन के हमले और घायल भारतीय जवानों के दृश्य दिखाई देते हैं। इसी दौरान सनी देओल की दमदार आवाज गूंजती है. “तुम जहां से भी घुसने की कोशिश करोगे आसमान से, जमीन से, समंदर से—सामने एक हिंदुस्तानी फौजी खड़ा पाओगे… जो आंखों में आंखें डालकर कहेगा—हिम्मत है तो आ, ये खड़ा है हिंदुस्तान।”

इस डायलॉग के बीच फिल्म के प्रमुख किरदारों की झलक दिखाई देती है, जिनमें वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी नजर आते हैं। इसके बाद सनी देओल की एंट्री होती है, जहां वह दुश्मनों पर प्रहार करते दिखाई देते हैं। टीज़र में युद्ध क्षेत्र को बेहद प्रभावशाली और वास्तविक अंदाज़ में दर्शाया गया है, जो 1971 के भारत-पाक युद्ध की याद दिलाता है। साथ ही सोनम बाजवा, मेधा राणा और परमवीर चीमा की झलक भी टीजर में दिखाई गई है।

टीजर ने बढ़ाई दर्शकों की उत्सुकता

देशभक्ति से भरपूर संवाद, दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक और युद्ध के सशक्त दृश्य दर्शकों को फिल्म के लिए और अधिक उत्साहित कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर फैंस इसे अब तक का सबसे दमदार वॉर टीज़र बता रहे हैं।

फिल्म से जुड़ी खास बातें…

टी-सीरीज और जे.पी. फिल्म्स द्वारा निर्मित ‘बॉर्डर 2’ में सनी देओल अपनी आइकॉनिक भूमिका में वापसी कर रहे हैं। फिल्म में उनके साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ, अहान शेट्टी, सोनम बाजवा, मोना सिंह और मेधा राणा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म 23 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस वीकेंड पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Comment