लखनऊ: इन दिनों फिल्म ‘धुरंधर’ का क्रेज पूरे देश में छाया हुआ है। न सिर्फ भारत बल्कि पड़ोसी देश पाकिस्तान तक फिल्म की चर्चा हो रही है। अब इस फेहरिस्त में टीम इंडिया का नाम भी जुड़ गया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान लखनऊ में मौजूद भारतीय टीम के खिलाड़ियों को शहर के एक मॉल में स्पॉट किया गया, जहां उनके फिल्म ‘धुरंधर’ देखने का दावा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के मुताबिक, भारतीय टीम सोमवार रात लखनऊ के फीनिक्स पलासियो मॉल पहुंची थी। वीडियो में टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या भी नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि खिलाड़ी रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल स्टारर इस ब्लॉकबस्टर फिल्म का आनंद लेते दिखे।
कैजुअल लुक में नजर आए खिलाड़ी..
वायरल वीडियो में टीम इंडिया की टी20 स्क्वाड कैजुअल अवतार में दिखाई दे रही है। इस दौरान हेड कोच गौतम गंभीर, कप्तान सूर्यकुमार यादव, उपकप्तान शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, तिलक वर्मा, हर्षित राणा, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, जितेश शर्मा और संजू सैमसन भी मौजूद थे। खिलाड़ियों के साथ पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था भी देखने को मिली।
सीरीज में भारत 2-1 से आगे
पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम फिलहाल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2-1 की बढ़त बनाए हुए है। 17 दिसंबर को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में सीरीज का चौथा टी20 मुकाबला खेला जाना है। ऐसे में मैच से पहले खिलाड़ियों का यह मूवी ब्रेक चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिल्म ‘धुरंधर’ का जलवा
फिल्म ‘धुरंधर’ का निर्देशन आदित्य धर ने किया है, जो इससे पहले ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ से जबरदस्त पहचान बना चुके हैं। उरी के बाद यह उनकी दूसरी निर्देशित फिल्म है। फिल्म को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स के बाद आदित्य धर ने ‘धुरंधर 2’ पर भी काम शुरू कर दिया है, जिसे साल 2026 में रिलीज किया जाएगा।
