Udayprabhat
uttrakhand

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से 3,848 युवाओं को बड़ी राहत, ₹33.22 करोड़ का ऑनलाइन लोन वितरण

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत 3,848 लाभार्थियों को ₹33.22 करोड़ की धनराशि का ऑनलाइन वितरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड का युवा नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कोविड-19 के दौरान लौटे प्रवासी, युवा उद्यमी, कारीगर, हस्तशिल्पी और शिक्षित बेरोजगार इस योजना के प्रमुख लाभार्थी हैं। योजना के अंतर्गत राज्य के मूल और स्थायी निवासियों को विनिर्माण, सेवा और व्यापार क्षेत्र में राष्ट्रीयकृत, सहकारी एवं क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के माध्यम से ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

 

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के आंकड़े
  • योजना के तहत लगभग 32 हजार लाभार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया.
  • इस योजना से अब तक 35 हजार से अधिक लाभार्थी लाभ उठा चुके हैं.
  • योजना के तहत अब तक 1,389 करोड़ से अधिक का लोन वितरण किया गया.
  • जिससे लगभग 64,966 नए रोजगार सृजित हुए हैं.

 

योजना के तहत विनिर्माण इकाइयों के लिए ₹25 लाख तक तथा सेवा एवं व्यापार इकाइयों के लिए ₹10 लाख तक की परियोजना लागत स्वीकृत की जाती है। इसमें परियोजना लागत का 15 से 25 प्रतिशत तक मार्जिन मनी सब्सिडी के रूप में दी जाती है। मुख्यमंत्री ने इसे छोटे व्यापारियों और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में एक गेम-चेंजर योजना बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योजना की सफलता को देखते हुए वर्ष 2025 से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना 2.0 (MSY 2.0) लागू की गई है, जिसमें मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और नैनो योजना का एकीकरण किया गया है। नई व्यवस्था में सब्सिडी की सीमा 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत कर दी गई है। साथ ही भौगोलिक, सामाजिक एवं उत्पाद बूस्टर के तहत अतिरिक्त 5 प्रतिशत सब्सिडी का भी प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सब्सिडी की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांसफर की गई है, जो सरकार की पारदर्शी, तकनीक-आधारित और भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यप्रणाली का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना केवल एक योजना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर उत्तराखंड की मजबूत नींव है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों से संवाद भी किया। चंपावत के कमल सिंह पार्थोली ने स्मार्ट लाइब्रेरी के लिए ₹10 लाख का लोन लेकर 130 बच्चों को अध्ययन सुविधा देने की जानकारी दी। उधमसिंह नगर के प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि गाड़ी सर्विस सेंटर के लिए मिले लोन से उनका व्यवसाय आगे बढ़ा है। उत्तरकाशी के जसपाल ने फिटनेस क्लब, पौड़ी के अयान मंसूरी ने रजाई-गद्दा निर्माण और बागेश्वर की चंपा देवी ने मोबाइल सेल एवं सर्विस के माध्यम से अपनी आजीविका सशक्त होने की बात कही।

Leave a Comment