ऋषिकेश: देहरादून जिले के ऋषिकेश में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग पर मनसा देवी मंदिर के पास रेलवे फाटक के नजदीक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरिद्वार की ओर से आ रही कार अत्यधिक गति में थी और रास्ते में कई वाहनों को ओवरटेक कर रही थी। बताया जा रहा है कि अंधेरे में अचानक सामने आए एक जानवर को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ा, जिससे वह सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्सयूवी कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रक के नीचे जा घुसी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही ऋषिकेश कोतवाली, श्यामपुर और आईडीपीएल चौकी से पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
कार में सवार चारों लोग बुरी तरह फंस गए थे। उन्हें बाहर निकालने के लिए पुलिस को कटर की मदद से वाहन काटना पड़ा। गंभीर अवस्था में घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
ऋषिकेश कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर वाहन स्वामी की पहचान चंद्रेश्वर मार्ग निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई है। मृतकों की पहचान भी कर ली गई है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे में मृतकों के नाम….
धीरज जायसवाल उम्र 31 वर्ष पुत्र दिनबंधु जायसवाल, निवासी चंद्रेश्वर नगर दुर्गा मंदिर रोड निकट हिमालयन हॉस्पिटल ऋषिकेश, देहरादून
हरिओम पाण्डे उम्र 22 वर्ष पुत्र अरविंद कुमार पाण्डे, निवासी हनुमान मंदिर गुमानीवाला ऋषिकेश जनपद देहरादून
करण प्रसाद उम्र 23 वर्ष पुत्र तुलसी प्रसाद, निवासी लकड़घाट ब्लॉक सी विस्थापित कोतवाली ऋषिकेश जनपद देहरादून
सत्यम कुमार उम्र 20 वर्ष पुत्र मंगल सिंह, निवासी गुज्जर बस्ती गली नंबर 6 घूमने वाला श्यामपुर कोतवाली ऋषिकेश जनपद देहरादून
