परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया.
देहरादून। राजधानी देहरादून के थाना रायपुर क्षेत्र अंतर्गत लाडपुर स्थित एक निजी अस्पताल में गाल ब्लैडर की सर्जरी के दौरान 30 वर्षीय युवक की मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया। गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के बाहर शव रखकर जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर दी। परिजनों ने डॉक्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निजी अस्पताल को सील करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, कांवली रोड निवासी अजय सोनकर को मंगलवार को गाल ब्लैडर की सर्जरी के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि बुधवार दोपहर तक अजय की हालत सामान्य थी और वह खुद पैदल चलकर ऑपरेशन थिएटर तक गया था। लेकिन रात में अस्पताल प्रशासन ने अचानक उसकी मौत की सूचना दे दी, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों का आरोप है कि सर्जरी के दौरान डॉक्टर द्वारा लापरवाही बरती गई और गलत तरीके से ऑपरेशन किया गया, जिसके चलते अजय की हालत बिगड़ती चली गई और उसकी जान चली गई। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग रायपुर थाने पहुंचे और दोषी डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करने लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया। थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के लिए मृतक के परिजन कोरोनेशन अस्पताल पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और हंगामा शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ने पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। वहीं विधायक खजान दास भी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। इसके बाद निजी अस्पताल के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया गया और सड़क जाम कर दी गई।
मृतक के पिता ने परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और संबंधित निजी अस्पताल को सील करने की मांग की है।
एसपी देहात जया बलूनी ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। देर शाम तक भी अस्पताल के बाहर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। इस पूरे मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
