हरिद्वार। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बहादराबाद के खंड शिक्षा अधिकारी ब्रज पाल सिंह राठौर को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि खंड शिक्षा अधिकारी ने पुलिस मॉडर्न स्कूल, 40वीं बटालियन पीएसी, हरिद्वार की मान्यता के औपबंधिक (नवीनीकरण) प्रमाणपत्र जारी करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। इस मांग में सह अभियुक्त मुकेश, प्रभारी प्रधानाध्यापक मंगोलपुर की भूमिका भी सामने आई है, जिसने पीड़ित से अधिकारी के लिए 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।
पीड़ित की शिकायत पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और तय योजना के अनुसार रिश्वत की रकम लेते समय खंड शिक्षा अधिकारी को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसी के सुपुर्द कर दिया गया है।
गौरतलब है कि आरोपी अधिकारी की पत्नी देहरादून में सर्किल ऑफिसर (सीओ) के पद पर तैनात हैं। विजिलेंस की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
