देहरादून। उत्तराखंड में लोक भवन द्वारा लौटाए गए दो महत्वपूर्ण विधेयक एक बार फिर विधानसभा में पेश किए जाएंगे। इनमें समान नागरिक संहिता (UCC) संशोधन विधेयक और धर्मांतरण से जुड़ा विधेयक शामिल है। राज्यपाल द्वारा आपत्तियां जताए जाने के बाद अब संबंधित विभाग इन विधेयकों का दोबारा परीक्षण कर आवश्यक संशोधन करेंगे।
जानकारी के अनुसार, गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान सरकार ने समान नागरिक संहिता संशोधन विधेयक को सदन से पारित कर लोक भवन भेजा था। लेकिन राज्यपाल ने इसमें तकनीकी त्रुटियों का हवाला देते हुए विधेयक को वापस कर दिया। विशेष रूप से धारा-4 में निर्धारित आयु से कम विवाह पर सजा के प्रावधान का दो बार उल्लेख किए जाने पर आपत्ति जताई गई।
अब गृह विभाग राज्यपाल की आपत्तियों का निस्तारण कर संशोधित विधेयक को दोबारा विधानसभा में प्रस्तुत करेगा।
इससे पहले लोक भवन ने धर्मांतरण से संबंधित विधेयक को भी शासन को लौटा दिया था। धर्मस्व विभाग ने बताया कि सभी कमियों को दूर कर संशोधित विधेयक फिर से सदन में लाया जाएगा।
सरकार का कहना है कि विधेयकों में जरूरी सुधार के बाद उन्हें फिर से पारित कराकर लोक भवन भेजा जाएगा, ताकि कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।
