उत्तराखंड की वादियों में खोया ‘ग्रीक गॉड’, ऋतिक रोशन बोले– ‘Love You Uttarakhand’
देहरादून: उत्तराखंड की शांत और मनमोहक वादियां एक बार फिर बॉलीवुड स्टार को अपनी ओर खींच लाईं। इस बार बॉलीवुड के हैंडसम हंक और सुपरस्टार ऋतिक रोशन उत्तराखंड की खूबसूरती के दीवाने नजर आए। इन दिनों ऋतिक रोशन उत्तराखंड में क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं, जिसकी झलक उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीरों के जरिए साझा की है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों में ऋतिक रोशन ट्रेकिंग गियर में नजर आ रहे हैं। हाथ में ट्रेकिंग स्टिक, कंधे पर बैकपैक और पहाड़ों पर चढ़ते हुए ऋतिक का यह अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है। कुछ तस्वीरों में उन्होंने उत्तराखंड की हसीन वादियों, पहाड़ों और प्राकृतिक नजारों को भी कैमरे में कैद किया है।
इन तस्वीरों को शेयर करते हुए ऋतिक रोशन ने कैप्शन लिखा— “Love you Uttarakhand”, जिससे साफ जाहिर होता है कि उन्हें देवभूमि की खूबसूरती दिल से पसंद आ रही है।

सोशल मीडिया पर ऋतिक की इन तस्वीरों पर फैंस जमकर प्यार लुटा रहे हैं। कोई उन्हें ‘जादू की तलाश में निकला सुपरहीरो’ बता रहा है, तो कोई इसे ‘कृष मिशन का नया चैप्टर’ कह रहा है। वहीं कई फैंस उनकी फिटनेस और नेचर लव की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ऋतिक रोशन की ये तस्वीरें ऋषिकेश के आसपास की हैं, जहां उन्होंने कुछ समय बिताया और ट्रेकिंग का आनंद लिया। इसके बाद वे देहरादून पहुंचे। देहरादून में उन्होंने संथला देवी मंदिर में दर्शन किए और अपने प्रशंसकों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। बाद में वे देहरादून से मुंबई के लिए रवाना हो गए।
गौरतलब है कि ऋतिक रोशन बॉलीवुड के सबसे फिट और पॉपुलर सितारों में शुमार हैं। अपने शानदार डांस, दमदार अभिनय और फिटनेस के लिए पहचाने जाने वाले ऋतिक ने बीते कुछ वर्षों में कई हिट फिल्में दी हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो ऋतिक रोशन इन दिनों ‘कृष 4’ की तैयारियों में जुटे हुए हैं, वहीं उनकी आने वाली फिल्मों को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है।
