Udayprabhat
Breaking Newsखेलदेश

IND vs SA: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 30 रनों से दी मात, जीत के साथ साल को कहा अलविदा

हार्दिक की तूफानी फिफ्टी, वरुण की घातक गेंदबाजी से भारत ने रचा जीत का इतिहास

IND vs SA 5th T20:  अहमदाबाद में खेले गए साल 2025 के आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 30 रनों से हराया और पांच मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने साल का समापन सकारात्मक और आत्मविश्वास से भरे अंदाज में किया।

231 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 201 रन ही बना सकी। एक समय मेहमान टीम का स्कोर 120 रन पर सिर्फ एक विकेट था, लेकिन भारतीय गेंदबाज़ों की सटीक वापसी ने मैच का रुख पलट दिया। 154 रन तक पहुंचते-पहुंचते अफ्रीकी टीम के 6 विकेट गिर चुके थे, जिसके बाद वे लक्ष्य से दूर होते चले गए।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से क्विंटन डिकॉक ने 35 गेंदों में 65 रनों की आकर्षक पारी खेली, जबकि ब्रेविस ने 17 गेंदों पर 31 रन बनाए। इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सका।

भारतीय गेंदबाजों  में वरुण चक्रवर्ती सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 53 रन देकर 4 अहम विकेट झटके। जसप्रीत बुमराह को 2 विकेट मिले, जबकि हार्दिक पंड्या और अर्शदीप सिंह ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

इससे पहले टॉस जीतकर दक्षिण अफ्रीका का भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाने का फैसला गलत साबित हुआ। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 231 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। संजू सैमसन ने 37, अभिषेक शर्मा ने 34 और तिलक वर्मा ने शानदार 73 रनों की पारी खेली।  अंत में हार्दिक पंड्या ने महज 16 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़ते हुए 63 रन बनाए और मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।

अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए हार्दिक पंड्या को प्लेयर ऑफ द मैच, जबकि पूरे सीरीज में शानदार गेंदबाजी के लिए वरुण चक्रवर्ती को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया।

 हार्दिक ने रचा इतिहास

इस मुकाबले में हार्दिक पंड्या ने 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया। उनसे आगे सिर्फ युवराज सिंह हैं, जिन्होंने 12 गेंदों में यह कारनामा किया था। तीसरे स्थान पर अभिषेक शर्मा हैं, जिन्होंने 17 गेंदों में अर्धशतक जमाया था।

Leave a Comment