Udayprabhat
uttrakhand

अल्मोड़ा में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ, खेल अवसंरचना को मिलेगी नई उड़ान: मुख्यमंत्री धामी

अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम, अल्मोड़ा में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने फुटबॉल व बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का उद्घाटन करते हुए खेल अवसंरचना को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए 50 बेड क्षमता वाले छात्रावास के निर्माण, बैडमिंटन कोर्ट के अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप जीर्णोद्धार, हैंडबॉल कोर्ट के निर्माण तथा जीआईसी खेल मैदान में हॉकी व फुटबॉल के लिए दिन-रात उपयोग योग्य आर्टिफिशियल टर्फ विकसित करने की घोषणा की।

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी एकता बिष्ट और कोच लियाकत अली खान को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को खेलों से जोड़कर सकारात्मक दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के हित में राजकीय सेवाओं में 4 प्रतिशत खेल कोटा पुनः प्रारंभ किया गया है तथा मुख्यमंत्री खेल विकास निधि और विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं के माध्यम से निरंतर सहयोग दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य, पर्यटन और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान के तहत उत्तराखंड को खेलों का केंद्र बनाया जाएगा। साथ ही अल्मोड़ा नगर निगम क्षेत्र में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए 200 सोलर लाइट भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

Leave a Comment