पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इन दिनों दिल्ली दौरे पर हैं, जहां उन्होंने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के रूप में 10वीं बार शपथ लेने के बाद यह नीतीश कुमार की प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से पहली औपचारिक मुलाकात मानी जा रही है, जिससे इसके राजनीतिक मायने अहम माने जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई मुलाकात में बिहार के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश और बिहार निरंतर प्रगति कर रहा है तथा विकसित बिहार के लक्ष्य को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वहीं बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि सात निश्चय योजना 3.0 और केंद्र सरकार के सहयोग को लेकर विचार-विमर्श हुआ।

इसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की। बैठक में एनडीए सरकार के भविष्य की रणनीति और राज्य के प्रशासनिक विषयों पर चर्चा की संभावना जताई जा रही है।
दिल्ली दौरे के दौरान नीतीश कुमार ने जेडीयू नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि अगले वर्ष खाली होने वाली बिहार की पांच राज्यसभा सीटों को लेकर भी एनडीए के भीतर प्रारंभिक बातचीत हुई हो सकती है।
