सुरेश राठौर ने कॉल डिटेल जांच की उठाई मांग
कांग्रेस के इशारे पर बदनाम करने का आरोप, उर्मिला सनावर की गिरफ्तारी की मांग
राजनीतिक साजिश का आरोप, सुरेश राठौर बोले– जांच हुई तो कई नाम आएंगे सामने
हरिद्वार: अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े ऑडियो-वीडियो को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने एक बार फिर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने अभिनेत्री उर्मिला सनावर पर ब्लैकमेल कर 50 लाख रुपये ऐंठने का गंभीर आरोप लगाया।
सुरेश राठौर ने कहा कि उर्मिला सनावर लगातार उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रही हैं और सोशल मीडिया व सार्वजनिक मंचों के माध्यम से उनकी सामाजिक व राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि ब्लैकमेलिंग के दबाव में उन्हें मुंबई में कथित रूप से मकान खरीदने के नाम पर 50 लाख रुपये देने पड़े, जिसके लिए उन्हें अपनी फैक्ट्री तक बेचनी पड़ी।
पूर्व विधायक ने उर्मिला सनावर को कांग्रेस का “एजेंट” बताते हुए उर्मिला और कांग्रेस नेताओं के बीच कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच होने पर कई राजनीतिक चेहरों के नाम सामने आएंगे। राठौर ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए और निष्पक्ष जांच की मांग की।
सुरेश राठौर ने कहा कि यदि उर्मिला सनावर वास्तव में उनकी पत्नी होने का दावा करती हैं तो उन्हें न्यायालय का सहारा लेना चाहिए, न कि सोशल मीडिया पर चरित्र हनन करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ कालनेमी जैसे शब्दों का प्रयोग कर जानबूझकर बदनाम किया गया।
पूर्व विधायक ने इस पूरे मामले को कांग्रेस की साजिश करार देते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सरकार गिराने की धमकी तक दी गई। उन्होंने राज्य सरकार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बेहतर कार्य कर रही है, जिससे विपक्ष बौखलाया हुआ है।
राठौर ने उर्मिला सनावर की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस कप्तान से फिरौती के मामले में कड़ी कार्रवाई की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में वह स्वयं दोषी पाए जाते हैं तो जेल जाने से भी पीछे नहीं हटेंगे.
