Udayprabhat
uttrakhand

पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को सीएम धामी ने दी श्रद्धांजलि, बोले- उनके विचार देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वाजपेयी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक कुशल प्रशासक, ओजस्वी वक्ता और दूरदृष्टा नेता थे, जिन्होंने अपने नेतृत्व से देश को नई दिशा प्रदान की। उनका संपूर्ण जीवन सुशासन, संवेदनशीलता और सर्वसमावेशी विकास के मूल्यों पर आधारित रहा। उन्होंने राजनीति को जनसेवा का सशक्त माध्यम बनाते हुए लोकहित को सदैव सर्वोपरि रखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वाजपेयी के विचार आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और आने वाली पीढ़ियों को मार्गदर्शन प्रदान करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि अटल जी की कार्यशैली और सिद्धांतों से प्रेरणा लेते हुए राज्य सरकार पारदर्शी प्रशासन, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अंत में अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।

Leave a Comment